अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

 

 

बोकारो: बोकारो जिले के पिंडाजोरा थाना क्षेत्र के कुर्रा मोड़ के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय हरिपद मोदी की मौत हो गई। वे अपने पिता की अस्थियां विसर्जित करने के लिए दामोदर नदी जा रहे थे। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की।

 

काशीझरिया पंचायत के उपमुखिया सुजीत बावरी के अनुसार, कुर्रा गांव निवासी हरिपद मोदी के पिता जग्गू मोदी का हाल ही में निधन हो गया था। सोमवार सुबह हरिपद मोदी अपने परिजनों के साथ दामोदर नदी में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कुर्रा मोड़ के पास सड़क पार करते समय बोकारो से पुरुलिया की ओर जा रहे एक अज्ञात टेलर वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि हरिपद मोदी की मौके पर ही मौत हो गई।

 

हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक प्रशासन की ओर से मुआवजे की घोषणा नहीं की जाएगी, तब तक शव को नहीं उठाने दिया जाएगा। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बना रहा।

 

घटना की सूचना मिलते ही पिंडाजोरा थाना प्रभारी अविनाश रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

पुलिस ने हादसे के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि दुर्घटना में शामिल अज्ञात टेलर वाहन की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी अविनाश रंजन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के घर में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Comment