
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनपुर में 15 दिनों से एंबुलेंस नहीं
रामानंद सिंह
मोहनपुर, गया
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनपुर में मरीजों को एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध नहीं है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनपुर को दो एंबुलेंस उपलब्ध कराया गया था। एक एंबुलेंस वर्षों से खराब पड़ा है। जबकि दूसरा एंबुलेंस पिछले 15 दिनों से खराब है। ऐसे में मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पीएचसी से रेफर किए गए गंभीर मरीजों को हायर सेंटर ले जाने में किराए के वाहनों का न केवल घंटों इंतजार करना पड़ता है बल्कि आर्थिक शोषण का शिकार भी होना पड़ता है। गौरतलब है कि प्रखंड के 18 पंचायतों की आबादी स्वास्थ्य सुविधा के लिए पीएचसी पर निर्भर है। राजेश कुमार, रौशन कुमार, संजय यादव, अनिल कुमार आदि लोगों ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधा नहीं रहने के कारण अधिकांश मरीजों को पीएचसी से रेफर कर दिया जाता है। लेकिन एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध नहीं रहने से मरीजों के परिजनों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। पिछले एक साल से पीएचसी का एक एंबुलेंस खराब पड़ा है। वहीं दूसरे एंबुलेंस भी 15 दिनों से एंबुलेंस सेवा पूरी तरह ठप हो गया है। इससे निर्धन तबके के मरीजों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। निजी एम्बुलेंस लेने की स्थिति में उन पर आर्थिक भार पड़ रहा है। प्रखंड के लोगों का कहना है कि एक साल से एक एंबुलेंस खराब पड़ा है। गर्भवती महिलाओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि एम्बुलेंस को लेकर कई बार विभाग को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत करवाया गया है। इसके बाद भी विभाग के अधिकारी को कान का जू तक नहीं रेगा है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन मरीजों से पंगा होता है। हो हल्ला का सामना प्रतिदिन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार 15 दिन से एंबुलेंस नहीं रहने के कारण कई मरीजों को जिला मुख्यालय भेजने में काफी परेशानी हो रही है वही गंभीर स्थिति में लोगों को टेंपू या प्राइवेट गाड़ी से ले जाने की स्थिति में लोगों को जान भी जा सकता है।





