
विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल बिक्रमगंज के कार्यालय में शनिवार को दोपहर में शराब के नशे में धुत दो लोगों ने जमकर हंगामा किया। गाली गलौज करते हुए कर्मियों के साथ मारपीट किया। कार्यालय के कंप्यूटर, प्रिंटर सहित कई उपकरण तोड़ दिया। पुलिस प्रशासन के आने की सूचना पर भाग रहे दोनों गिर पड़े। जिसे कर्मियों ने पकड़ लिया तथा पुलिस के पहुंचने पर उनलोगों को पुलिस के हवाले कर दिया। इस संबंध में सहायक विद्युत अभियंता राजकुमार के लिखित शिकायत पर बिक्रमगंज थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि दोपहर 1 बजे बाइक से दो अज्ञात व्यक्ति विद्युत आपूर्ति कार्यालय में घुसकर गाली गलौज करने लगे। उपस्थित कर्मियों ने उन्हें शांति से बात करने को बोले तो उनके साथ मारपीट करने लगे और विभागीय कंप्यूटर, प्रींटर तोड़ दिये। जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रूपया है। कंप्यूटर और प्रींटर के क्षतिग्रस्त होने से बिक्रमगंज शहरी क्षेत्र का विपत्र संबंधी कार्य बाधित हो गया है। पुलिस प्रशासन के आने का अंदेशा होने पर दोनों भागने लगे। इसी बीच उनकी बाइक की चाभी कार्यालय में हीं गिर पड़ी। चाभी खोजने के दौरान विद्युत कर्मी दोनों को पकड़ लिए और पुलिस के पहुंचने पर उनके हवाले कर दिए। थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार दोनों लोगों को मेडिकल जाँच के बाद जेल भेज दिया गया।





