
सिंधुगढ़ गांव के लोग थाने के भवन निर्माण के लिए अपनी निजी जमीन देने को तैयार
रामानंद सिंह
मोहनपुर, गया
गया जिले के मोहनपुर प्रखंड के अंबातरी पंचायत के सिंधुगढ़ गांव के ग्रामीण नवसृजित थाने के भवन निर्माण के लिए अपनी निजी जमीन देने को तैयार हैं। गांव के ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम व वरीय पुलिस अधिक्षक को इसकी लिखित आवेदन देकर आग्रह भी किया है। नागेन्द्र यादव, सुखदेव यादव, बिनय कुमार, फागू मांझी, विजय मांझी आदि ग्रामीणों के हस्ताक्षरित डीएम व एसएसपी को भेजे गए आवेदन में गांव में ही थाने का भवन निर्माण कराये जाने की मांग की गई है। इन्होंने कहा कि पूर्व में अधिकारियों द्वारा थाने के भवन निर्माण के लिए केबला टोला मथुरापुर में चयनित की गई जमीन रैयती है। जिस पर भवन बनाने में अड़चन आ रही है। जबकि उनके पूर्वजों ने नक्सलियों से सालों लड़ते रहे। नक्सली और उनके बीच हुई गोलीबारी में कई ग्रमाीणों की जानें जा चुकी है। इसके बाद भी सिंधुगढ़ के बजाय दूसरे जगह थाने का भवन बनाना कहीं से उचित नहीं है। जबकि नक्सली गतिविधियों को देखते हुए पूर्व के वरीय पुलिस अधिकारी ने सिंधुगढ़ गांव के नाम से ही नये थाना खोलने के बिहार सरकार को प्रस्ताव भेजा था। जिसके बाद अंचल अधिकारी व अन्य कर्मियों ने थाने के भवन बनाने के लिए गांव की जमीन को ही चिंहित किया था। जिसका बिहार सरकार ने भी मंजूरी दे चुकी है।
राजनीतिक दलों के नेता कर रहे हस्तक्षेप
सिंधुगढ़ गांव के ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ राजनीतिक दलों के लोगों ने थाने के भवन निर्माण को लेकर विवाद खड़ा कर दिया है। सरकारी जमीन न होने का हवाला देते हुए सिंधुगढ़ गांव के बजाय दूसरे जगह निर्माण कराने को लेकर अड़े हुए हैं। इधर सिंधुगढ़ के ग्रामीण थाना भवन के लिए अपनी निजी जमीन देने को तैयार हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यदि इसके बाद भी गांव में थाने का भवन नहीं बना तो वे इसकी शिकायत सूबे के मुख्यमंत्री से मिलकर करेंगे।





