

बोकारो के गोमिया में हत्या का खुलासा: दुकान विवाद में चाचा की हत्या, दो गिरफ्तार
बोकारो : बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में 16 अप्रैल को हुई चाचा मोईउद्दीन अंसारी की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया। दुकान के सामने वाहन खड़े करने के विवाद में मुख्य आरोपी धनराज श्रीवास्तव ने 25 हजार रुपये का लालच देकर अर्जुन कुमार तिवारी उर्फ बाबा से हत्या करवाई। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो (तेनुघाट) बी.एन. सिंह ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हजारीबाग के पिपचो निवासी भतीजा मो. तबारक अंसारी की शिकायत पर गोमिया थाना कांड संख्या 66/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। एसपी के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गुप्त सूचना, तकनीकी साक्ष्य और अनुसंधान के दम पर 24 वर्षीय अर्जुन कुमार तिवारी उर्फ बाबा और 42 वर्षीय धनराज श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि मछली दुकान के सामने वाहन पार्किंग को लेकर विवाद हुआ। धनराज ने लकड़ी के फट्टे से वार करवाकर हत्या करवाई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रेडमी मोबाइल फोन, स्विफ्ट कार (जेएच 09 ए ई 7448) और खून लगे लकड़ी के फट्टे को बरामद किया। धनराज का पूर्व में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
छापेमारी में ये पुलिसकर्मी शरीक: प्रफुल्ल कुमार महतो (थाना प्रभारी गोमिया), श्यामल मंडल (भजनलाल महतो तेनुघाट ओपी प्रभारी), राजू मुंडा (पेटरवार थाना प्रभारी), मनोज कुमार (अनुसंधानकर्ता गोमिया), अरुण कुमार, बिरसा बाड़ा, अखिलेश कुमार (गोमिया थाना), विनोद यादव, बबलू मुर्मू (रिजर्व गार्ड) तथा आईटी शाखा बोकारो के सशस्त्र बल।मामले की आगे जांच जारी है।




