

बीएसएल की अभिनव पहल: ‘आर्ट एंड साइंस स्ट्रीट’ के आयोजन को लेकर तैयारियाँ तेज
बोकारो। बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा आगामी 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाले एक दिवसीय ‘आर्ट एंड साइंस स्ट्रीट’ कार्यक्रम की तैयारियाँ तेज़ी से प्रगति पर हैं। यह विशेष आयोजन पहली बार आयोजित किया जा रहा है, जो सेक्टर-4 स्थित गांधी चौक से बोकारो मॉल तक जाने वाली मुख्य सड़क पर संध्या 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक आयोजित होगा। इस अवसर पर कला, शिल्प, विज्ञान एवं रचनात्मक अभिव्यक्तियों का एक बहुआयामी संगम देखने को मिलेगा।
‘आर्ट एंड साइंस स्ट्रीट’ का उद्देश्य कला एवं विज्ञान के प्रति जन-रुचि को प्रोत्साहित करना, स्थानीय प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना है। “प्रमोट, एन्करेज एवं कनेक्ट” की अवधारणा पर आधारित यह आयोजन कलाकारों, कारीगरों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण रखने वाले युवाओं एवं आम नागरिकों के मध्य रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देगा। कार्यक्रम के दौरान हस्तशिल्प एवं हस्तनिर्मित उत्पाद, पारंपरिक एवं आधुनिक चित्रकला, स्केचिंग, पोर्ट्रेट आर्ट, वॉल आर्ट तथा विभिन्न सजावटी कलाकृतियों की आकर्षक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। साथ ही, विज्ञान से संबंधित नवाचारपूर्ण एवं रचनात्मक प्रदर्शनों के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को अपनी वैज्ञानिक सोच, कौशल एवं सृजनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर भी प्राप्त होगा।
इस आयोजन को लेकर प्रतिभागियों में स्टॉल बुकिंग के प्रति विशेष उत्साह देखा जा रहा है। अब तक विभिन्न श्रेणियों में 50 से अधिक स्टॉल्स की बुकिंग की जा चुकी है। इस आयोजन में बीएसएल कर्मी एवं उनके परिवार के सदस्य भी सक्रिय रूप से सहभागिता करते हुए विभिन्न स्टॉल्स लगा रहे हैं। शहरवासी यहाँ अपनी पसंद के हस्तनिर्मित उत्पाद एवं कलाकृतियों की खरीदारी कर सकेंगे तथा आकर्षक फूड स्टॉल्स पर स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद भी ले सकेंगे।
यह पहल बोकारो इस्पात संयंत्र की सामुदायिक उत्तरदायित्व, नवाचार एवं समावेशी विकास के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ रूप से प्रतिबिंबित करती है। बीएसएल ने शहरवासियों से अपील की है कि वे आगामी रविवार की संध्या ‘आर्ट एंड साइंस स्ट्रीट’ कार्यक्रम में सपरिवार एवं मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस अनूठे आयोजन का आनंद लें।




