

बीएसएल की अभिनव पहल: पहली बार आयोजित होगा ‘आर्ट एंड साइंस स्ट्रीट’
बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा शहरवासियों के लिए एक अभिनव एवं आकर्षक पहल के अंतर्गत 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को एक दिवसीय “आर्ट एंड साइंस स्ट्रीट” का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष आयोजन सेक्टर-4 स्थित गांधी चौक से बोकारो मॉल जाने वाली मुख्य सड़क पर संध्या 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक आयोजित होगा, जहाँ कला, शिल्प, विज्ञान एवं रचनात्मक अभिव्यक्तियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
बीएसएल द्वारा पहली बार आयोजित किया जा रहा यह कार्यक्रम शहर के सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन को नई दिशा देने की एक महत्वपूर्ण पहल है। “आर्ट एंड साइंस स्ट्रीट” के माध्यम से स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों, विद्यार्थियों एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को अपनी कला, कौशल और नवाचारों को प्रदर्शित करने हेतु एक सशक्त मंच प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर हस्तशिल्प एवं हस्तनिर्मित उत्पादों, पारंपरिक एवं आधुनिक चित्रकला, स्केचिंग एवं पोर्ट्रेट कला, वॉल आर्ट तथा सजावटी कलाकृतियों सहित विभिन्न कलात्मक विधाओं की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही, विज्ञान से जुड़े रचनात्मक एवं अभिनव प्रदर्शनों के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को अपनी वैज्ञानिक सोच और कौशल प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
“आर्ट एंड साइंस स्ट्रीट” का उद्देश्य न केवल कला एवं विज्ञान के प्रति जन-रुचि को प्रोत्साहित करना है, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाना तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना भी है। यह आयोजन “प्रमोट, इनकरेज एवं कनेक्ट” की भावना को साकार करते हुए कलाकारों, कारीगरों और आम नागरिकों के बीच सार्थक संवाद स्थापित करेगा। शहरवासी यहाँ अपनी पसंद के हस्तनिर्मित उत्पाद एवं कलाकृतियों की खरीदारी कर सकेंगे तथा आकर्षक फूड स्टॉल्स पर स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद ले सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि बोकारो स्टील सिटी,अपनी विविध सांस्कृतिक विरासत और सृजनात्मक ऊर्जा के लिए प्रसिद्ध है। इसी भावना को सुदृढ़ करते हुए यह आयोजन शहर की कला एवं वैज्ञानिक सोच को एक मंच पर लाने का प्रयास है।
यह आयोजन न केवल कला प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि परिवारों, युवाओं और बच्चों के लिए भी एक प्रेरणादायक एवं आनंदमय संध्या का अवसर प्रदान करेगा। बीएसएल द्वारा आयोजित “आर्ट एंड साइंस स्ट्रीट” निश्चित रूप से शहरवासियों के लिए एक यादगार अनुभव सिद्ध होगा, जहाँ रचनात्मकता, नवाचार और सामुदायिक सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिलेगा।




