
भीषण गर्मी का कहर: कैमूर के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 30 मई तक बंद
भभुआ, 23 मई। कैमूर जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा 12वीं तक की शैक्षणिक गतिविधियों को 30 मई 2026 तक स्थगित कर दिया गया है।
जिला दण्डाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी कैमूर (भभुआ) श्री नवीन कुमार सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत आदेश जारी करते हुए यह निर्देश दिया है। आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध 22 मई 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
हालांकि विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को विद्यालय एवं कार्यालय में उपस्थित रहकर प्रशासनिक एवं अन्य आवश्यक कार्यों का निष्पादन करना होगा।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें तथा बच्चों को अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

