अम्बेडकर जयंती पर याद किये गए बाबा साहेब; बीएसएल की ओर से विशेष कार्यक्रम का हुआ आयोजन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अम्बेडकर जयंती पर याद किये गए बाबा साहेब; बीएसएल की ओर से विशेष कार्यक्रम का हुआ आयोजन

 

 

 

बोकारो। भारत रत्न एवं भारतीय संविधान के शिल्पकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धा, सम्मान एवं सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला।

 

प्रातःकाल सेक्टर-4D स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर बीएसएल के निदेशक प्रभारी श्री प्रिय रंजन ने अधिशासी निदेशकगण, मुख्य महाप्रबंधकों एवं अन्य वरीय अधिकारियों के साथ माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने बाबा साहेब के आदर्शों, विचारों एवं मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा सामाजिक न्याय, समानता एवं बंधुत्व की भावना को सुदृढ़ करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

 

कार्यक्रम के दौरान निदेशक प्रभारी श्री प्रिय रंजन ने बाबा साहेब के बहुआयामी व्यक्तित्व एवं उनके अमूल्य योगदानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक सुधार एवं संविधान निर्माण के क्षेत्र में उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को दिशा प्रदान करते हैं और उनके आदर्श एक सशक्त एवं समावेशी भारत के निर्माण के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

 

संध्या में बोकारो क्लब में एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भिलाई से आए समूह “शिप्रा कम्युनिकेशन” द्वारा बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष एवं मूल्यों पर आधारित आकर्षक “साउंड एंड लाइट शो” प्रस्तुत किया गया। इस प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से बाबा साहेब के जीवन के विभिन्न आयामों को जीवंत रूप में दर्शाया गया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने अत्यंत सराहा।

 

इस कार्यक्रम में निदेशक प्रभारी श्री प्रिय रंजन सहित बीएसएल के अधिशासी निदेशकगण, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Comment