सीसीएल कथारा में CBI का छापा: प्रबंधक व जेएमएम नेता को 30 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सीसीएल कथारा में CBI का छापा: प्रबंधक व जेएमएम नेता को 30 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

 

 

बोकारो : जिले के बेरमो अनुमंडल स्थित सीसीएल कथारा परियोजना कार्यालय में शुक्रवार शाम भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा हुआ। सीबीआई धनबाद की टीम ने प्रबंधक सह मानव संसाधन अधिकारी सुभाष चंद्र पासवान और कथित बिचौलिया व जेएमएम नेता शमसूल हक को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

सीबीआई एसपी डीएल मीणा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने डीएसपी प्रिय रंजन के नेतृत्व में सुबह 11 बजे से कार्यालय पर निगरानी शुरू की। शाम 5-6 बजे के बीच रिश्वत का लेन-देन होते ही टीम ने दबिश दी और दोनों आरोपी को मौके पर धर दबोचा। रात करीब 2 बजे कथारा अतिथिगृह में लंबी पूछताछ के बाद दोनों को धनबाद ले जाया गया। शमसूल हक हिंद मजदूर किसान पंचायत के कथारा क्षेत्रीय सचिव भी हैं।

शिकायतकर्ता सुरेश किस्कू ने बताया कि उनके पिता कारू मांझी 2024 में कथारा कोलियरी से सेवानिवृत्त हुए थे, लेकिन बकाया राशि का भुगतान लंबित था। आरोप है कि अधिकारियों ने 35 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित की शिकायत पर सीबीआई ने सुनियोजित ट्रैप सेट कर घूसखोरी का पर्दाफाश किया।

इस कार्रवाई से कोयला क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय एजेंसी की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है। आगे की पूछताछ जारी है।

Leave a Comment