

भाजपा नेता संजय त्यागी का तीखा प्रहार: नारी शक्ति वंदन विधेयक सदन से पारित न होने पर विपक्ष को ‘महिला विरोधी’ करार
बोकारो : नारी शक्ति वंदन अधिनियम सदन से पारित न होने पर भाजपा बोकारो जिला उपाध्यक्ष संजय त्यागी ने इसे लोकतंत्र और संसदीय इतिहास का ‘काला अध्याय’ बताते हुए विपक्ष पर निशाना साधा है।
त्यागी ने कहा, “यह केवल विधेयक का गिरना नहीं, बल्कि देश की महिलाओं के बेहतर भविष्य के विश्वास का टूटना है। संविधान (131वां संशोधन) विधेयक-2026 के जरिए महिलाओं को विधायिका में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का मौका आया था, लेकिन कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और सपा जैसे दलों के विरोध से करोड़ों माताओं-बहनों-बेटियों की आशाओं पर आघात पहुंचा।”
दशकों से महिलाएं राजनीति और नीति-निर्माण में समान भागीदारी की प्रतीक्षा कर रही हैं, लेकिन विपक्ष के विरोध और पारित न होने पर खुशी जताने को त्यागी ने ‘महिला विरोधी सोच’ का प्रमाण बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यह विपक्ष के ‘राजनीतिक ताबूत का आखिरी कील’ साबित होगा।




