बेरमो एसडीपीओ कार्यालय में ‘खोया मुस्कान – लौटाया सम्मान’ के तहत गुम हुए 35 मोबाइल को लौटाया गया

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

बेरमो एसडीपीओ कार्यालय में ‘खोया मुस्कान – लौटाया सम्मान’ के तहत गुम हुए 35 मोबाइल को लौटाया गया

 

 

गोमिया (बोकारो)। बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट स्थित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय में मंगलवार को बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ एवं एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह की उपस्थिति में ‘ खोया मुस्कान – लौटाया सम्मान’ के तहत अनुमंडल अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों से लोगों का गुम हुए 35 मोबाइल को पुलिस द्वारा बरामद कर उन्हें सकुशल वापस किया गया। गुम हुए मोबाइल के मिल जाने से लोगों में काफी खुशी देखी गई और इसके लिए पुलिस को धन्यवाद दिया। इस संबंध में बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों से लोगों का गुम हुए मोबाइल को बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथु सिंह मीना के निर्देश पर बेरमो के एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस द्वारा बरामद कर संबंधित लोगों को वापस कर दिया गया है। जो काफी सराहनीय है और पुलिस भी इसके लिए धन्यवाद के पात्र हैं।

वहीं एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि बेरमो अनुमंडल अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल खोने से संबंधित शिकायत लगातार प्राप्त हो रहा था। लगातार मोबाइल खोने से संबंधित प्राप्त शिकायत को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नाथु सिंह मीना द्वारा सभी थाना प्रभारियों को खोया हुआ मोबाइल को सीईआईआर पोर्टल का इस्तेमाल करते हुए अविलंब बरामद करते का आदेश दिया गया था। प्राप्त आदेश के आलोक में गोमिया थाना, कसमार थाना, महुआडांड़ थाना, दुग्धा थाना, जरीडीह थाना, चंद्रपुरा थाना, चतरोचट्टी थाना, बेरमो थाना, नावाडीह थाना, गांधीनगर ओपी, जगेश्वर विहार थाना द्वारा कारवाई करते हुए कुल 35 मोबाइल को बरामद किया गया है। बरामद सभी मोबाइल धारकों को संबंधित थाना द्वारा सूचित करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो,तेनुघाट के प्रांगण में सत्यापन कर सौंपा गया। साथ ही आमजनों से यह भी अपील है कि अगर किसी व्यक्ति का मोबाइल गुम होता है या चोरी होता है तो अविलंब संबंधित थाना को सूचित करें एवं सरकार द्वारा जारी सीईआईआर पोर्टल पर जाकर वांछित विवरणी को भरें, अगर खोया या चोरी का मोबाइल किसी अन्य व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल किया जाता है तो इसकी सूचना थाना एवं आवेदक को चला जाएगा। मौके पर गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो, कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति, महुआडांड़ थाना प्रभारी कृष्णा कुमार कुशवाहा, जगेश्वर विहार थाना प्रभारी प्रकाश यादव, चतरोचट्टी थाना प्रभारी शशि शेखर सहित अनुमंडल क्षेत्र के कई थाना प्रभारी एवं मोबाइल लाभुक उपस्थित थे।

Leave a Comment