

48 घंटे से लापता बोकारो की महिला का सुराग नहीं, अनजान कॉल से परिजन दहशत में
चास (बोकारो)। चास थाना क्षेत्र के यदुवंश नगर से 42 वर्षीय महिला बेबी देवी पिछले 48 घंटों से लापता हैं। परिजनों ने चास थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस जांच के बावजूद अब तक महिला का कोई सुराग नहीं मिला है।
परिजनों के अनुसार, इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने उन्हें जमशेदपुर आने को कहा, जिससे परिवार में दहशत फैल गई है। परिवार वाले बोकारो पुलिस से लगातार गुहार लगा रहे हैं कि बेबी देवी को शीघ्र खोजा जाए। 48 घंटे गुजरने के बाद भी खबर न मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और अनहोनी की आशंका बढ़ती जा रही है।
चास थाना पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। अनजान नंबर से आई कॉल को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कॉल डिटेल और लोकेशन की पड़ताल में जुट गई है।




