पुलिस पक्षपात करना बंद करे, सात दिनों के अंदर करे कार्रवाई नहीं तो उग्र आंदोलन: ढुल्लू महतो

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

पुलिस पक्षपात करना बंद करे, सात दिनों के अंदर करे कार्रवाई नहीं तो उग्र आंदोलन: ढुल्लू महतो

 

मंत्री इरफान का बयान दुर्भाग्यपूर्ण

 

 

बोकारो। इरफ़ान अंसारी के कथित बयान और बोकारो के चीरा चास थाना में दर्ज मामलों को लेकर सांसद ढूलू महतो ने सेक्टर वन स्थित सासंद कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया। सांसद ने पुलिस को ताकीद की कि वो पार्टी ना बने और जल्द से जल्द अपराधी इरफान अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेजे।

ज्ञात हो कि जिले के चीरा चास थाना अंतर्गत नंदुस्थान स्थित एक जिम केंद्र में 1 मई को दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में पीड़ित पक्ष के हर्ष पांडेय ने 2 मई को चीरा चास थाना कांड संख्या 37/26 दर्ज कराया, जिसमें महताब अंसारी, आरिफ अंसारी सहित 10 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया।

आरोप है कि घटना के नौ दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस प्रशासन द्वारा किसी भी नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं की गई। वहीं, दूसरी ओर नामजद अभियुक्त आरिफ अंसारी ने 5 मई को चीरा चास थाना में कांड संख्या 38/26 दर्ज कराते हुए हर्ष पांडेय एवं अन्य पर मारपीट का आरोप लगाया।

झारखण्ड के स्वास्थ मंत्री इरफ़ान अंसारी के दवाब में उक्त मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हर्ष पांडेय और दिव्य मिश्रा को गिरफ्तार कर चास जेल भेज दिया। इसी मुद्दे को लेकर बोकारो स्थित संसदीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में धनबाद सांसद ढूलू महतो ने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी के सार्वजनिक बयान के बाद पूरे बोकारो जिले में तनाव का माहौल है।

सांसद ने कहा कि हर्ष पांडेय “सीधा-सादा लड़का” है और उसके खिलाफ आज तक धारा 107 तक का मामला दर्ज नहीं हुआ है, जबकि आरिफ अंसारी के खिलाफ जिले के कई थानों में मामले दर्ज हैं। सांसद ने आरोप लगाया कि आरिफ अंसारी सांप्रदायिक माहौल खराब करने का काम कर रहा है।

सांसद ने पत्रकार वार्ता के माध्यम से बोकारो जिला पुलिस प्रशासन से मांग की कि चीरा चास कांड संख्या 37/26 के सभी नामजद अभियुक्तों की अविलंब गिरफ्तारी की जाए तथा हर्ष पांडेय के विरुद्ध दर्ज कांड संख्या 38/26 की निष्पक्ष जांच कर न्याय सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो भारतीय जनता पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी।प्रेस वार्ता में वीर भद्र सिंह, श्याम गुप्ता, मुकेश राय , एंजेला सिंह ,ब्रजमोहन दुबे, विक्रम महतो सहित सैकड़ों के संख्या में भाजपा के पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment